उन्नाव। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बांगरमऊ में संचालित चार खाद्य तेल निर्माण कारखानों में छापा मारा। खुले तेल की बिक्री करने और परिसर में संदिग्ध रूप से रंग मिलने पर 5.57 लाख रुपये का तेल सीज कर कारखानों का संचालन अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया। साथ ही नोटिस जारी कर जवाब मांगने के साथ 13 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
सहायक आयुक्त खाद्य प्रियंका सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बांगरमऊ क्षेत्र में संचालित तेल निर्माण कारखानों में जाकर जांच की। मेसर्स राजश्यामा ट्रेडर्स से 3.10 लाख कीमत का तेल सीज करने के साथ पामोलीन रिफाइंड ऑयल, पाम रिफाइंड ऑयल, सरसों का तेल और पीला रंग का सैंपल लिया। इसके बाद टीम राधे ट्रेडर्स से सरसों के खुले तेल, पीला व हरा पाउडर का नमूना भरते हुए 1.16 लाख का तेल सीज कर दिया। फिर पुलक ट्रेडर्स से सरसों का तेल और रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल का सैंपल लेकर मौके पर 62070 रुपये का तेल सीज कर दिया।
अधिकारियों ने मेसर्स आयुश ट्रेडर्स से सरसों के खुले तेल का नमूना भरते हुए 68700 रुपये का सीज कर दिया। सहायक आयुक्त ने बताया कि चारों तेल निर्माण व रिपैकर कारखानों को मानकों का पालन न करने, खुले तेल की बिक्री किए जाने व परिसर में संदिग्ध रूप से रंग पाए जाने पर नोटिस देते हुए अग्रिम आदेशों तक कार्य संचालन बंद कराया गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष वर्मा, उपासना साह, अनिल कुमार कटियार, पल्लवी शर्मा व आकांक्षा जायसवाल शामिल रहीं।