उन्नाव। मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे का 98 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे इसी महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। यूपीडा अधिकारियों का दावा है कि मार्च में इसका लोकार्पण कराया जा सकता है।
गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ से प्रयागराज की 10 से 12 घंटे की दूरी घटकर छह से आठ घंटे में पूरी हो जाएगी। यूपीडा के प्रोजेक्ट हेड संजय कुमार ने बताया कि एक्सप्रेसवे की दोनों तरफ की चार-चार लेन की सड़क पूरी तरह तैयार है। मार्ग संकेतक, सड़क सुरक्षा के इंतजाम और मार्ग प्रकाश व्यवस्था का काम भी पूरा हो गया है। कुछ स्थानों पर सर्विस रोड, इंटरचेंज और टोल प्लाजा का काम अंतिम चरण में है जिसे इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजर रहा है। उन्नाव जिले में इसकी लंबाई 83 किलोमीटर है जो 76 गांवों से होकर निकल रही है। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 36,200 करोड़ रुपये है।
कनेक्टिविटी और प्रमुख जंक्शन
गंगा एक्सप्रेसवे उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और कानपुर-लखनऊ राजमार्ग को क्रॉस करेगा। कानपुर-लखनऊ हाईवे से जोड़ने के लिए सोनिक के पास जंक्शन बनाया गया है। कानपुर लखनऊ एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए नेवरना में जंक्शन बन रहा है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बांगरमऊ तहसील के शादीपुर गांव के पास इंटरचेंज बनाया गया है। इन जंक्शनों से वाहनों को एक्सप्रेसवे और हाईवे से चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी।
विकसित किए जाएंगे दो औद्योगिक गलियारे
गंगा एक्सप्रेसवे के पास औद्योगिक विकास की भी योजना बनाई गई है। 300 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में दो औद्योगिक गलियारे विकसित करने की योजना है। इन गलियारों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। यह क्षेत्र का आर्थिक विकास सुनिश्चित करेगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को आकर्षित करने में सहायक होगी।
वर्जन...
गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण 98 प्रतिशत पूरा हो चुका है। मेरठ से प्रयागराज तक एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ की चार-चार लेन सड़क पूरी तरह बनकर तैयार हैं। कुछ स्थानों पर सर्विस रोड और इंटरचेंज का कुछ काम बाकी है। बचे काम भी इसी महीने पूरे हो जाएंगे। मार्च में लोकार्पण के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा। -संजय कुमार, प्रोजेक्ट हेड यूपीडा।
गंगा एक्सप्रेसवे पर एक नजर
-कुल अनुमानित लागत लगभग 36,200 करोड़
-एसप्रेसवे की लंबाई 594 किलोमीटर
-दोनों तरफ के लेन की चौड़ाई लगभग 130 मीटर
- जनपद में लंबाई 83 किलोमीटर, कुल गांव 76, 1314 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण
फोटो-1- सोनिक के पास गंगा एक्सप्रेसवे की निर्माणाधीन सड़क। संवाद- फोटो : नैमिषारण्य में कथा कहते इंद्रेश महाराज।
फोटो-1- सोनिक के पास गंगा एक्सप्रेसवे की निर्माणाधीन सड़क। संवाद- फोटो : नैमिषारण्य में कथा कहते इंद्रेश महाराज।