फोटो नंबर-37-सफीपुर कोतवाली में खड़ी बाइक में टक्कर मारने वाली कार। संवाद
परियर (उन्नाव)। परियर-बिठूर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में सूअर पालक सुरेंद्र कठेरिया की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने टक्कर मारने वाली दूल्हे की कार और उसे खंती से निकालने वाले ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों ने दूल्हे सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
परियर गांव निवासी सुरेंद्र कठेरिया का शव शुक्रवार को परियर गांव के पास सड़क किनारे खंती में मिला था। परिजनों को पता चला कि परियर में आई बरात में दूल्हे की कार की टक्कर से सुरेंद्र बाइक सहित खंती में गिरा था। बरातियों ने सुरेंद्र का इलाज कराने के बजाय उसे वहीं छोड़ दिया था। ट्रैक्टर और लोडर की मदद से कार को खंती से निकाल कर चुपचाप चले गए थे।
शुक्रवार को परिजनों के हंगामे के बाद देर शाम पुलिस ने कार बरामद कर कब्जे में ले ली। जांच में सामने आया कि कार को निकालने के लिए ट्रैक्टर और लोडर का भी इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है और लोडर की तलाश की जा रही है।
सुरेंद्र के पिता बउवा व परिजनों ने एएसपी दक्षिणी प्रेमचंद्र से मिलकर दूल्हे सहित अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आरोप है कि लापरवाही के कारण सुरेंद्र की जान गई है।
अपर पुलिस ने बताया कि घटना में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। कार और ट्रैक्टर दोनों को बरामद कर लिया गया है। जो भी नाम सामने आएंगे उन्हें शामिल कर कार्रवाई की जाएगी।