उन्नाव। साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी सहित तीन लोगों को शिकार बनाकर खाते से 5,45,500 रुपये पार कर दिए। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।पहली घटना में शहर के मोहल्ला पीडी नगर निवासी प्रमोद बाजपेई ने पुलिस को बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके मोबाइल पर वाहन चालन संबंधी एपीके फाइल का लिंक आया। क्लिक करते ही 96 हजार रुपये खाते से कट गए। एसएमएस आने पर ठगी का पता चला। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की और तहरीर दी है।
दूसरी घटना में सिंगरोसी निवासी अजय सिंह के मोबाइल पर अनजान नंबर से वाट्सएप पर आरटीओ चालान की एपीके फाइल का लिंक आया। क्लिक कर उसे खोलने पर खाते से 79, 500 रुपये कट गए। उन्होंने भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
तीसरी घटना में दारोगाबाग मोहल्ला निवासी सेवानिवृत पुलिसकर्मी जयराम ने पुलिस को बताया कि उनकी पेंशन भारतीय स्टेट बैंक शाखा शाहगंज के खाते में आती है। नाबालिग पौत्र आयुष अक्सर उनका मोबाइल लेकर गेम खेलने लगता है। इसी दौरान मोबाइल पर 200 रुपये जीतने और विड्रा करने मैसेज आया। उसे क्लिक करने पर साइबर ठग ने अपने मोबाइल नंबर पर यूपीआइ स्कैनर मांगा और भेजने के बाद डिलीट करने को कहा। पौत्र आयुष ने ऐसा ही किया और बैंक खाते से 3.70 लाख रुपये कट गए। कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिसकर्मी के 2.50 लाख रुपए होल्ड कर दिए गए हैं। उन्होंने किसी प्रकार के लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधानी बरतनी की सलाह दी है।