उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर हुसैन नगर चौराहे के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार छात्र सड़क पर गिर गया। कई वाहन उसे रौंदते चले गए, इससे शव दो हिस्सों में बंट गया। चेहरा सुरक्षित बचने से पहचान हो सकी।
सदर कोतवाली के आदर्श नगर निवासी अंशुमान तिवारी (19) पुत्र सुधीर सोमवार देर शाम पड़ोस के ही अपने साथी पूतू व एक अन्य दोस्त के साथ बाइक से घूमने निकले थे। रात करीब 10 बजे अंशुमान का शव कानपुर लखनऊ-हाईवे पर हुसैन नगर चौराहे के पास मिला। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा पहुंचे तब तक कई वाहन ऊसके ऊपर से निकल चुके थे। चेहरे के अलावा शरीर पूरी तरह क्षतविक्षत हो गया। कोतवाल ने बताया कि परिजनों ने जानकारी दी है कि अंशुमान बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। साथ गए उसके दोस्तों का पता लगाया जा रहा है। उनसे भी पूछताछ की जाएगी।