उन्नाव। सदर कोतवाली के एक गांव में दो दिन पहले सिर और चेहरे पर डंडे से हमला कर अनुसूचित जाति की किशोरी की उसके ही घर में हत्या कर दी गई थी। घटना में पुलिस खुलासे के करीब है और हत्यारोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, किशोरी की हत्या एक युवक ने एकतरफा प्रेम का विरोध करने पर की थी। रविवार को किशोरी घर में अकेली थी और मौका पाकर युवक उसके घर में घुसा और छेड़छाड़ करने लगा। किशोरी के विरोध और शोर मचाने पर उसकी हत्या कर दी थी।
सदर कोतवाली के एक गांव में रविवार देर शाम किशोरी का शव उसके घर में पीछे के कमरे में खून से लतपथ मिला था। खेत से लौटे पिता ने बेटी का शव देखा तो बिलख पड़ा। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची और जांच की। किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतका के चचेरे भाई और उसके साथी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
एसपी जयप्रकाश सिंह ने हसनगंज सीओ अरविंद कुमार चौरसिया को घटना को इस घटना के जल्द खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी थी। शुरुआती जांच में ही पुलिस को, नामजद आरोपियों की संलिप्तता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने गांव और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की। संदेह के आधार पर पांच युवकों को पूछताछ के लिए उठाया था। इसी दौरान पता चला कि किशोरी के घर के सामने रहने वाला 21 वर्षीय युवक किशोरी को अक्सर परेशान करता था। वह उसपर दोस्ती और नजदीकी बनाने का दबाव बना रहा था और किशोरी इसका विरोध करती थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार को किशोरी के पिता बकरी चराने खेत चले गए थे। किशोरी घर में अकेली थी तभी युवक उसके घर में घुसा और किशोरी उसके ही घर के पीछे के कमरे में खींच ले गया। छेड़छाड़ का विरोध करते हुए शोर मचाने पर युवक ने किशोरी का गला दबाया। जमीन पर गिरते ही पास में ही रखे डंडे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। सीओ सिटी दीपक यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।