शुक्लागंज। सरैया रेलवे क्रॉसिंग के फाटक का तार गुरुवार को सुबह करीब सात बजे बंद करते समय टूट गया। इसकी वजह से दोनों ओर से फाटक बंद नहीं हो सके। ऐसे में इमरजेंसी स्लाइडर लगाकर आठ घंटे तक रेल संचालन कराया गया। इस बीच सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर आठ घंटे के बीच कई बार रूक-रूक कर जाम भी लगा। इससे राहगीरों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही, जिसे किसी तरह निकलवाकर रवाना किया गया।
सुबह सात बजे जैसे ही रेलवे फाटक के तार टूटने की सूचना मिली सिग्नल एंड टेलीकाम विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। गेट मैन ने बताया कि जिस वक्त तार टूटा अप रेल लाइन से कानपुर की ओर एक मालगाड़ी जा रही थी जो कुछ देर के लिए खड़ी रही। उसे बाद में झंडी दिखा कर रवाना किया गया। इसके बाद इमरजेंसी स्लाइडर फाटक लगाकर ट्रेनों का संचालन दोपहर तीन बजे तक किया गया। इस बीच मुख्य फाटक का लॉक भी खराब हो गया, जिससे मरम्मत कार्य में समय अधिक लगा। दोपहर तीन बजे के बाद मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सरैया रेलवे क्रॉसिंग पर रेल संचालन सामान्य हो सका। हालांकि कोई भी ट्रेन प्रभावित न होने की जानकारी दी गई है। इस बीच कई बार रूक-रूक कर सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर जाम लगा जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।