बीघापुर-बक्सर मार्ग पर धानीखेड़ा गांव के निकट टायर पंचर हो जाने बोलेरो अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बोलेरो सवार लोग गाड़ी छोड़ भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को स्वास्थ्य केंद्र लाई। यहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक की हालत गंभीर देखते उसे जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन यहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। इस कारण सिर पर गहरी चोटें आईं।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव गयादीनखेड़ा निवासी किशन (24) पुत्र धनीराम रविवार को गांव के ही राधेलाल (30) पुत्र बाबूलाल व बीघापुर थानाक्षेत्र के गांव बल्लूखेड़ा निवासी राकेश (28) पुत्र शिवलाल के साथ बाइक से दोस्त की बारात धनुहीखेड़ा गया था।
रविवार रात बारात से तीनों एक बाइक से वापस आ रहे थे। बारासगवर थानाक्षेत्र के बीघापुर-बक्सर मार्ग पर धानीखेड़ा के निकट सामने से आ रही बोलेरो का पहिया अचानक पंचर हो गया और वह अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में चली गई और बाइक से टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बोलरो सवार मौके से भाग निकले। राहगीरों ने सौ नंबर पर सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को बीघापुर स्वास्थ्य केंद्र लाई। यहां डॉक्टर ने किशन व राकेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि राधेलाल की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। राधेलाल के सिर में गंभीर चोट होने से डॉक्टर ने जिला अस्पताल से कानपुर भेज दिया।
पिता धनीराम ने बताया कि किशन मजदूरी करता था। तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। मां सुंदरा के अलावा पत्नी मालती व दो बच्चे हैं। मृतक राकेश तीन भाईयों में सबसे छोटा था। वह सूरत में प्राइवेट नौकरी करता था और 15 दिन पहले ही घर आया था। पिता शिवलाल ने बताया कि राकेश का विवाह नहीं हुआ था।