उन्नाव। सीएमओ कार्यालय में 52 अल्ट्रासाउंड सेंटरों का पंजीकरण है। जबकि बिना पंजीकरण और मानकों की अनदेखी कर बड़ी संख्या में अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन हो रहा है। इनमें 24 तो केवल जिला अस्पताल के सामने से लेकर एक किमी दायरे में ही संचालित हो रहे हैं, लेकिन जल्द ही इन कार्रवाई के लिए अभियान शुरू किया जाएगा।
पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत डीएम ने सभी अल्ट्रासाउंड संचालकों को सीसीटीवी लगवाने का निर्देश दिया था। इसके अलावा उसकी रिकाॅर्डिंग 45 दिन तक सुरक्षित रखने की भी बात कही गई थी। वहीं सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र पर पंजीकृत डॉक्टर से हर साल कार्य करने के संबंध में शपथ पत्र लेने और केंद्र में उनकी फोटो चस्पा कराने के निर्देश दिए थे। सेंटर के पंजीयन प्रमाण पत्र को भी प्रदर्शित करने के लिए बोला गया है, लेकिन जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर नियमों की अनदेखी की जा रही है। हाल में ही शहर के हिरन नगर में संचालित सेंटर को बंद भी कराया गया है। अब बिना मानक के इन सेंटरों पर नकेल कसने के लिए टीम गठित कर दी गई है।
अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों के विरुद्ध अभियान शुरू कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी सेंटरों का निरीक्षण कर कार्रवाई कर रहे हैं। जल्द एक सघन अभियान भी चलाया जाएगा। नियमों का पालन न करने वाले सेंटरों को बंद कराया जाएगा।
गौरांग राठी, डीएम