रायबरेली हाईवे पर बीघापुर कसबा के पास मंगलवार तड़के रोडवेज बस टूटी पुलिया से नहर में पलट गई। हादसे में बस में सवार 30 यात्री घायल हो गए। बीघापुर स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का इलाज कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दर्जन भर लोगों को परिजन अपने साथ लेकर चले गए। घटना के चलते एक घंटे तक यात्रियों में कोहराम मचा रहा।
मंगलवार तड़के तीन बजे कानपुर से रायबरेली जा रही लालगंज डिपो की बस बीघापुर बस स्टॉप के पास स्थित टूटी पुलिया से कोहरे के चलते बस अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। बस पलटते ही यात्री चीखने-चिलाने लगे। कुछ यात्रियों ने साहस दिखाया और खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकले।
यात्रियों ने 100 नंबर डायल कर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर मदद की गुहार लगाई। सूचना पर बीघापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकला।
घायलों में शुक्लागंज कंचन नगर निवासी एक ही परिवार के उर्मिला मिश्रा, साक्षी मिश्रा, शिवम मिश्रा व मनोरमा तथा लालगंज रायबरेली निवासी यास्मिन, मोंटी व करहिया रायबरेली निवासी रीता, राम भजन निशाद व लालगंज निवासी मोईन समेत बस में बैठे 30 यात्री घायल हो गए।
वर्षों से टूटी हैं पुलिया, नहीं हुई मरम्मत- बीघापुर। बीघापुर बस स्टॉप के निकट स्थित शारदा नहर की पुलिया में पांच साल से दोनों तरफ की दीवारें टूटी हैं।
1929 में बनी इस पुलिया को एक दशक पहले सिंचाई विभाग ने जर्जर घोषित कर दोबारा बनाने कार्रवाई शुरू की, लेकिन लोक निर्माण ने इसका निर्माण नहीं कराया। पिछले चार साल से यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन है। एनएचआई ने सड़क को तो फोरलेन कर दिया, मगर न तो पुलिया की मरम्मत कराई न चौड़ा कराया।