उन्नाव। अलग-अलग सड़क हादसों में एक बीटेक छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में मां-बेटे समेत चार लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
लखनऊ के गोमती नगर निवासी बीटेक छात्र पुनेंद्र कुमार (19) गुरुवार को कानपुर निवासी मौसेरे भाई देवांकुर (22) के साथ के साथ बाइक से कानपुर जा रहा था। सुबह करीब नौ बजे नवाबगंज कसबा के पास सोहरामऊ थानाक्षेत्र के मौहारी गांव निवासी साइकिल सवार बाबू (30) से भिड़ंत हो गई।
तीनों लोगों को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने पुनेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि देवांकुर को कानपुर रेफर कर दिया गया। इसी तरह, आसीवन थानाक्षेत्र में ताजपुर गांव के पास साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया में टकरा गया। इससे बाइक चला रहे फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के ओसिया गांव निवासी अर्जुन (22) की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई भूपेंद्र (15) घायल हो गया। परिजनों ने बताया कि अर्जुन की दो महीने पहले जहांगीर नगर गांव निवासी पुष्पा से शादी हुई थी। गुरुवार को अर्जुन अपने चचेरे भाई के साथ ससुराल जा रहा था तभी यह हादसा हो गया। घायल को गंभीर हालत में स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिया गया।
वहीं, पुरवा कोतवाली क्षेत्र में सोहरामऊ मार्ग पर तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से मिर्रीकला गांव निवासी सुरेश (36) और ज्ञान प्रकाश (53) घायल हो गए। सुरेश ने बताया कि वह गांव में ही रहने वाले आचार्य ज्ञान प्रकाश को पूजन कराने के लिए पुरवा के शीतलगंज मोहल्ला निवासी अपने बहनोई भगवानदीन के यहां लेकर जा रहा थ। रास्ते में हादसा हो गया।
इसी तरह, उन्नाव-कानपुर मार्ग पर आजाद मार्ग चौराहा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से अपने कानपुर के नाबगंज पपरिया निवासी बेलावती (40) पत्नी कल्लू उसका बेटा गोलू (12) और भतीजा अंशू (22) घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया है। लखनऊ-कानपुर हाइवे पर गहिरा के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से फैक्ट्री कर्मी वसीम (18) घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।