बीघापुर। बिहार थानाक्षेत्र के अलावलपुर मंडपहा में चोरों ने छत के रास्ते घर में उतरकर लाखों का माल पार कर दिया। घटना के समय लोग गहरी नींद में सो रहे थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट टीम ने जांच की। इस दौरान खोजी कुत्ता देवाखेड़ा निवासी एक घर में जा घुसा। पुलिस ने जांच के लिए कई लोगों को उठाया है।
अलावलपुर मंडपहा निवासी योगेंद्र सिंह सेना से सेवानिवृत्त होकर गांव में ही खेती बाड़ी करते हैं। वह क्षेत्र के बड़े काश्तकार में गिने जाते हैं। उनके पास लगभग 50 बीघा खेती है। मंगलवार रात चोर छत के रास्ते से घर में उतरे। यहां पर कमरों में सो रहे परिजनों के दरवाजे की कुंडियां बाहर से बंद कर दी।
चोरों ने 6 बक्से, 1 अटैची, 1 बैग तथा सेफ में रखा सामान समेटकर मुख्य दरवाजे के बगल में लगे दरवाजे को तोड़कर निकल गए। चोर घर के बाहर बने शौचालय के सहारे छत पर पहुंचे थे। छत पर सो रहे योगेंद्र सिंह के लड़के को भी चोरों के आने की भनक तक नहीं लगी।
योंगेंद्र सिंह के पुत्र अतीष सिंह ने बताया कि चोर 4 हार, 22 अंगूठी, एक किलो चांदी, 259 ग्राम की दो जंजीरें तथा एक लाख रुपये उठा ले गए। बाद में घर से 300 मीटर की दूरी पर परिजनों को 6 टूटे बक्से पड़े मिले। वहीं 1 बक्सा, 1 बैग व 1 अटैची चोर अपने साथ ले गए।
परिजनों के मुताबिक, चोर करीब 20 लाख रुपये का माल व नगदी समेट ले गए। मामले की जानकारी मिलते ही एसओ मनोज सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। खोजी कुत्ता बुलाया गया। जांच पड़ताल के दौरान खोजी कुत्ता विंदादीन के घर में घुसा। इस पर पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को उठा लिया। थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।