बीघापुर। थानाक्षेत्र के अनूपपुर गांव में फसल देखने गए शहर के एक युवक और उसके साथी को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। दोनों के बाएं हाथ में छर्रे लगे हैं।
घायल जिन चार हमलावरों को पहचान लेने की बात कह रहे हैं उसमें एक मंगलवार शाम शहर के एबी नगर मोहल्ले में हुई गोलीबारी में घायल युवक का पिता, साथी और एक घायल साथी का नाम बता रहे हैं। पुलिस को शक है कि क्रास रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए नाटकीय घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है।
बीघापुर थानाक्षेत्र के अनूपपुर गांव में हुई गोलीबारी की घटना में शहर के मोहल्ला एबी नगर निवासी दिनेश रावत (26) और ईदगाह मोहल्ला निवासी उसका साथी रिजवान अहमद (21) घायल हुए हैं। दिनेश के मुताबिक अनूपपुर गांव में उसकी पैतृक जमीन है। वह अपने दोस्त के साथ फसल देखने आया था।
करीब आठ बजे वह दोनों गांव के बाहर पान की दुकान पर खड़े थे तभी तीन बाइक और एक चार पहिया वाहन सवार करीब दर्जन भर लोगों ने उनपर फायरिंग शुरू कर दी। हाथ में गोली लगने से दोनों घायल हो गए इसके बाद हमलावर भाग निकले।
दिनेश के मुताबिक उसने जिन चार हमलावरों को पहचाना है उनमें शहर के मोहल्ला तालिब सरांय निवासी हमीद अहमद, एबी नगर निवासी आशीष त्रिपाठी, कसाई चौराहा निवासी टीपू, दरोगबाग मोहल्ला निवासी अंशू सविता शामिल हैं।
बीघापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि घायलों का इलाज कराने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।