मौरावां। थाना क्षेत्र के किसान ने एक बैंक शाखा प्रबंधक समेत दो लोगों पर लाखों की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए डीएम और एसपी को शिकायती पत्र भेजा है।
थानाक्षेत्र के गांव हुलासीखेड़ा मजरे मवई निवासी किसान फूलचंद्र ने शिकायती पत्र में बताया कि रायबरेली के मलिकमऊ निवासी एक युवक से मुलाकात होने पर उसने सेंट्रल बैंक आफ इंडिया शाखा मौरावां की प्रबंधक से अपनी जान पहचान बताकर उद्योग लगाने के लिए लोन दिलाने का विश्वास दिलाया था। उसके कहने पर उसने मार्जिन मनी और फाइल चार्ज के नाम पर 1.40 लाख रुपये शाखा प्रबंधक को दिए।
उन्होंने कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा कर लोन की 9.90 लाख रुपये धनराशि खाते से फर्म को ट्रांसफर करने की बात कही। आरोप है कि 18 जुलाई को खाते से 11 लाख रुपए ट्रांसफर होने पर मैनेजर से संपर्क किया तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। फूलचंद्र ने शाखा प्रबंधक व एक युवक पर साठगांठ कर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध मे शाखा प्रबंधक प्रीती सिंह से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा।