दो भाइयों पर कुल्हाड़ी से हमला, एक की हालत गंभीर
फतेहपुर चौरासी। पुरानी रंजिश के चलते दो भाई मारपीट में घायल हो गए। उमरिया भगवंतपुर निवासी ओमप्रकाश ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह अपने भाई जयप्रकाश के साथ परशुरामपुर की एक दुकान के पास बैठे थे। शाम चार बजे हिस्ट्रीशीटर ओमप्रकाश उर्फ लल्लू, पत्नी राजरानी और दो बेटे धीरेंद्र प्रताप व अभय वहां पहुंचे। उन्होंने जयप्रकाश को गालियां दीं और पीटने लगे। हमलावरों ने जयप्रकाश के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। भाई को बचाने आए ओमप्रकाश को भी पीटकर घायल कर दिया गया। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जयप्रकाश की गंभीर हालत देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर ओमप्रकाश उर्फ लल्लू समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच हो रही है। (संवाद)
महिला लापता, गुमशुदगी दर्ज
पुरवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव कोदइयाखेड़ा निवासी रामप्यारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 23 अक्तूबर की शाम सात बजे विवाहित बेटी सुधा (21) घर से बिना बताए चली गई। काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)
पांच जुआरी पकड़े
असोहा। कालूखेड़ा गांव में पुलिस ने जुआं खेलने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से 12,500 रुपये बरामद हुए हैं। सभी पर जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। (संवाद)