बिहार थाने में चोरी की बाइकें व पुलिस हिरासत में चोर।
- फोटो : Amar ujala
बिहार पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चोरों के पास से पुलिस ने एक कार व चार बाइकें बरामद की हैं। जबकि एक बाइक चोर मौके से भाग निकला। चोरों ने लखनऊ, रायबरेली व फतेहपुर में भी वाहन चोरी की घटनाएं करना स्वीकारी हैं।
कस्बे के एक फिलिंग स्टेशन के निकट चोरी के वाहन सहित चोरों के खड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही भगवंतनगर चौकी इंचार्ज अजय सिंह तोमर हमराही सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और दो चोरों को पकड़ लिया। जबकि एक चोर मौके से भाग निकला। चोराें के पास से मिली बाइकों के कागजात फर्जी मिलने पर चौकी इंचार्ज दोनों को थाने लाए। यहां थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने चोरों से पूछताछ की तो उन्होंने वाहन चोरी स्वीकार की।
चोरों ने अपना नाम अमित सिंह पुत्र वीरेंद्र बहादुर निवासी कहिजर थाना सरेनी रायबरेली व शिवम सिंह उर्फ सोनू पुत्र विद्याधर सागर निवासी पहाड़पुर थाना बिहार बताया। बाइक चोरी में शामिल उपेंद्र सिंह उर्फ रोहित निवासी मुनऊखेड़ा थाना बिहार मौके से भाग निकला। पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने भागे हुए चोर के घर से कार व एक बाइक बरामद की है। वाहन चोरी में शामिल अमित सिंह पर रायबरेली के थाना सरेनी में हत्या, गैंगस्टर जैसे मुकदमे दर्ज हैं। एसओ सत्येंद्र सिंह के मुताबिक, जो बाइकें पकड़ी गई हैं, वह रायबरेली, हरिचंदपुर व कृष्णानगर लखनऊ से चोरी की गई हैं। कार को इन चोरों ने नोएडा से चोरी किया था। पकड़े गए चोरों को जेल भेज दिया गया है। तीसरे की तलाश जारी है।