बेटी-बचाओ बेटी-पढ़ाओ योजना के तहत दो लाख रुपये मिलने की अफवाह मुसीबत बनी है। अफवाह ने डाकघरों में आवेदन पोस्ट करने वालों की भीड़ बढ़ा दी है। शनिवार को भी जिले के अलावा शहर स्थित मुख्य डाकघर में भी रजिस्ट्री करने वालों की भीड़ रही। अफवाह पर ध्यान न देने की बात कहकर डाक कर्मियों ने लोगों को लौटाना शुरू किया तो हंगामा होने लगा। सूचना पर पुलिस पहुंची और भीड़ को समझाकर कर लौटाना शुरू किया।
मगर लोग सुनने को तैयार नहीं हुए। एसडीएम सदर ने कड़ा रुख अख्तियार किया। उनके निर्देश पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अफवाह फैलाने का मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम ने बताया जो भी अफवाह फैलाते पकड़ा जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ योजना में बेटियों के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलने की अफवाह पर लोग योजना का लाभ लेने के लिए लोग रुपये खर्च कर योजना का लाभ लेने की जद्दोजहद में जुट गए हैं। मुख्य डाकघर के अलावा ग्रामीण डाकघरों में भी रोज हजारों की भीड़ हो रही है। जानकारी होने पर प्रशासनिक अधिकारी डाकघर पहुंचे तब उन्हें अफवाह की जानकारी हुई। शनिवार को भी शहर के प्रधान डाकघर में आवेदन करने लोग पहुंचे।
इस योजना को अफवाह बता जब विभागीय कर्मचारियों ने लोगों को वापस करना शुरू किया तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख हेड पोस्टमास्टर सियाराम गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पहले तो लोगों को समझाने का प्रयास किया। न मानने पर लोगों को खदेड़ा। एसडीएम मेधारुपम ने अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने सदर के रामनगर निवासी प्रियंका जायसवाल की तहरीर पर झूठी अफवाह फैलाने पर एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तीन हजार से अधिक स्पीड पोस्ट
हेड पोस्टमास्टर सियाराम गुप्ता ने बताया कि प्रधान डाकघर में अब तक इस योजना के तहत करीब तीन हजार आवेदन हुए हैं। वहीं योजना के फर्जी होने की सूचना पर इसकी रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट को बंद करवा दिया गया है।