उन्नाव। मेगा ब्लाॅक के कारण रद्द चल रही ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू होगा। रेलवे बोर्ड ने 29 अप्रैल से लखनऊ कानपुर रेलवे रूट पर ट्रेनों को दौड़ाने के लिए पत्र जारी कर दिया है।
कानपुर और उन्नाव के बीच स्थित गंगापुल के अप ट्रैक में लगीं लोहे की चादरें (ट्रफ) जंग लगने से गल गईं थीं। इनके स्थान पर एच बीम टाइप के चैनल स्लीपर लगाने का काम 20 मार्च से शुरू हुआ था। रेलवे ने 30 अप्रैल तक रोज सुबह आठ से शाम पांच बजे तक अप लाइन पर ब्लॉक लेकर काम करने का आदेश जारी किया था। रोज नौ घंटे ब्लॉक होने से रेलवे ने 26 ट्रेनें निरस्त कर दी थीं। वहीं छह का समय और 52 ट्रेनों का रूट बदला था। जिले से रोजाना आवागमन करने वाले तीन हजार यात्रियों को परेशानी हो रही थी। हालांकि रेलवे ने पूर्व निर्धारित समय से पहले ही काम पूरा कर लेने का दावा किया है। इसके चलते रेलवे की ओर से दोबारा रूट पर ट्रेनें चलाने का निर्देश दिया गया है। स्टेशन मास्टर सुधांशु मोहन ने बताया कि 29 अप्रैल से ट्रेनें अपने नियमित समय से संचालित होने लगेंगी। रेलवे बोर्ड ने इससे संबंधित पत्र जारी कर दिया है।