उन्नाव। रेलवे के मेगा ब्लॉक और ई-बस चालकों की हड़ताल से 5000 दैनिक यात्री मुश्किलों से घिर गए। टेंपो, मैजिक और ऑटो चालकों ने दोगुनी से ज्यादा सवारियां बैठाईं। कानपुर तक के 20 किलोमीटर लंबे सफर में यात्रियों ने पसीना छोड़ दिया। रोडवेज के रीजनल मैनेजर ने बताया कि कुंभ ड्यूटी का अतिरिक्त भुगतान न होने से शुक्रवार को भी चालकों ने ई-बसें नहीं निकालीं। सर्विस प्रोवाइडर कंपनी से बात चल रही है।
रेलवे गंगा पुल की मरम्मत के लिए एक तरफ मेगा ब्लाॅक चल रहा है। वहीं ब्लाक शुरू होने के बाद लगातार दूसरे दिन भी उन्नाव-कानपुर के बीच ई-बसों 10 बसें बढ़ाना तो दूर पहले से चल रही नौ बसें भी नहीं चलीं। इससे रोजाना कानपुर जाने-आने वाले करीब 5000 लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टेंपो, मैजिक और ऑटो चालकों ने दोगुनी से ज्यादा सवारियां बैठाईं। रोडवेज रीजनल मैनेजर ने बताया कि ई-बसें चलाने वाले चालक कुंभ ड्यूटी का अतिरिक्त भुगतान न होने से शुक्रवार को भी बसें नहीं निकालीं। सर्विस प्रोवाइडर कंपनी से बात चल रही है।
कानपुर और उन्नाव के बीच गंगा नदी पर स्थित रेलवे पुल के अप ट्रैक में लगीं लोहे की चादरें जंग लगने से गल गईं हैं। इनके स्थान पर एच-बीम टाइप के चैनल स्लीपर लगाने का काम गुरुवार सुबह आठ बजे से शुरू हुआ है। 30 अप्रैल तक रोज सुबह आठ से शाम पांच बजे तक अप लाइन पर ब्लॉक रहेगा। 42 दिनों तक रोज नौ घंटे ब्लॉक से रेलवे ने 26 ट्रेनें निरस्त कर दी हैं। वहीं, छह का समय और 52 ट्रेनों का रूट बदला है।
कानपुर जाने-आने वाले करीब 5000 नौकरी पेशा और छात्रों के लिए इस रूट पर चलने वाली ई-बसें ही सहारा हैं लेकिन लगातार दूसरे दिन वह भी नहीं चलीं। गुरुवार को गंगा मेला और शुक्रवार को ई-बस चालकों ने भुगतान संबंधी मांगों को लेकर कानपुर डिपो से बसें नहीं निकालीं। ट्रेनें बंद होने और ई-बसों के न चलने से दैनिक यात्रियों को टेंपो, ऑटो और मैजिक का सहारा लेना पड़ा। ज्यादा किराया लेने के बाद भी चालकों ने ढूंस-ढूंस कर सवारियां बैठाईं। मैजिक में तो 15 सवारियां तक बैठाईं गईं।
परिवहन निगम कानपुर जोन के रीजनल मैनेजर अनिल कुमार ने बताया कि उन्नाव-कानपुर के बीच नौ बसें चल रही थीं। रेलवे के ब्लॉक को देखते हुए 10 बसें बढ़ाने की योजना थी, लेकिन ब्लॉक के पहले दिन गंगा मेला होने से और दूसरे दिन शुक्रवार को ई-बस चालकों ने हड़ताल कर दी। चालक सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के माध्यम से कार्यरत हैं। चालक, कुंभ मेला ड्यूटी में दोहरे भुगतान की मांग कर रहे हैं। कंपनी से बात न बनने पर शुक्रवार को चालकों ने बसें नहीं निकालीं। प्रयास कर रहे हैं कि शनिवार से बसों का संचालन शुरू हो जाए।
रायबरेली व बालामऊ रूट पर भी रही सवारी साधनों की कमी
उन्नाव-रायरबेली के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन निरस्त होने से लोगों के लिए सड़क यातायात ही एक मात्र सहारा बचा। इससे इस रूट पर भी लोगों ने टेंपो, बस आदि का सहारा लिया। बीघापुर, कोरारी, कांटी, अचलगंज, ललऊखेड़ा, डीह आदि गांव के यात्री सुबह गदनखेड़ा बाईपास पहुंचे। लेकिन यहां भी वाहनों की मारामारी रही। इससे उन्हें काफी देर इंतजार के बाद यात्री वाहन मिल सके।
-
बस और ट्रेन के किराये में पांच गुना अंतर
ट्रेन बंद होने से रोडवेज बस से लखनऊ व कानपुर जाने वाले यात्रियों का किराया अधिक लग रहा है। इसके अलावा उन्हें घंटों इंतजार भी करना पड़ रहा है। उन्नाव से कानपुर तक ट्रेन का किराया 10 रुपये है। वहीं, रोडवेज बस में 47 रुपये का टिकट है। अगर एमएसटी की बात करें तो रेलवे की एमएसटी उन्नाव से कानपुर तक 100 रुपये की है। इसी प्रकार उन्नाव से लखनऊ तक रेल का टिकट 20 रुपये है। जबकि रोडवेज बस का किराया 95 रुपये है। वहीं, रेलवे की एमएसटी 270 रुपये की है। रोडवेज में लखनऊ तक की एमएसटी 3446 रुपये की है।
-
व्यापारियों की भी बढ़ी परेशानी
चकलवंशी। कानपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन बंद होने से क्षेत्र के व्यापारियों को परेशानी हो रही है। माखी स्टेशन से रऊकरना, माखी, रसूलाबाद मेथीटीकुर स्टेशन से चकलवंशी, पावा, मिर्जापुर कलां आदि गांव के लोग कानपुर-बालामऊ के लिए यात्रा करते हैं। वहीं, अधिकांश व्यापारी सुबह नौ बजे कानपुर-बालामऊ पैसेंजर से कानपुर पहुंचकर ट्रांसपोर्ट में सामान बुक कराकर दूसरी ट्रेन से वापस लौट आते हैं। ट्रेन बंद होने से समय और किराया अधिक लगाना पड रहा है। चकलवंशी के व्यापार मंडल अध्यक्ष कमलेश गुप्ता ने बताया कि ट्रेन बंद होने से व्यापारियों को असुविधा हो रही है परिवहन विभाग ने विकल्प के तौर पर कोई सुविधा नहीं दी। (संवाद)
बोले जिम्मेदार
डीआरएम से करेंगे मांग
करीब डेढ़ महीने के लिए बड़ी संख्या में ट्रेनें निरस्त और रूट बदलने से जिले के लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। इस संबंध में जिला दैनिक यात्री संघ ने भी समस्या बताई है। डीआरएम को पत्र लिखेंगे और ब्लॉक का समय कम करने व कानपुर-लखनऊ, रायबरेली और बालामऊ पैसेंजर का संचालन सुनिश्चत कराने की मांग करेंगे।
- पंकज गुप्ता, सदर विधायक भाजपा
रेलवे बोर्ड को भेजेंगे पत्र
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए लखनऊ से उन्नाव जंक्शन तक मेगा ब्लाॅक के दौरान कुछ मेमू पैसेंजर और इसके साथ ही बालामऊ-कानपुर व रायबरेली-कानपुर पैसेंजर ट्रेनों को चलाने के लिए के रेलवे बोर्ड को पत्र भेजा जाएगा। बोर्ड के निर्देशानुसार आगे के कदम उठाए जाएंगी। प्रयास किया जा रहा है कि अधिक से अधिक ट्रेनों का संचालन हो सके, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
- एसएम शर्मा, डीएआरएम लखनऊ मंडल
चालकों से बात कर चलवाएंगे ई-बस बसें
ई-बस चालकों से लगातार बात की जा रही है। उनका कुंभ मेले के दौरान भुगतान का मामला कंपनी से चल रहा है। चालकों से लगातार बातचीत की जा रही है। शनिवार से उम्मीद है कि बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
- अनिल कुमार, आरएम, रोडवेज कानपुर जोन
-
ब्लॉक खत्म होने के बाद दो मालगाड़ियों के बाद निकलेंगी यात्री ट्रेनें
शुक्लागंज। रेल गंगापुल पर शाम पांच बजे मेगा ब्लाॅक खत्म होने के बाद अप लाइन से कॉशन के साथ पहले दो मालगाड़ी निकली जाएंगी। इसके बाद यात्री ट्रेनें कानपुर की तरफ निकाली जाएंगी। यह निर्णय यात्री सुरक्षा को लेकर डीआरएम स्तर पर लिया गया है।