उन्नाव। बाईपास स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ओपन स्टेट खो-खो प्रतियोगिता के दूसरे दिन देवरिया, बलिया, वाराणसी और जौनपुर की टीमों का दबदबा रहा। चारों टीमों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। शनिवार को पहला सेमीफाइनल वाराणसी और जौनपुर के बीच व दूसरा बलिया और देवरिया के बीच खेला जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल 10 जनपदों की टीमों ने भाग लिया। दूसरे दिन शुक्रवार को पहला मुकाबला कानपुर देहात व मुरादाबाद के बीच खेला गया। इसमें कानपुर देहात ने सात प्वाइंट हासिल किए। वहीं, मुरादाबाद ने नौ प्वाइंट हासिल किए। इससे दो प्वाइंट से मुरादाबाद ने जीत हासिल की। दूसरा मुकाबला जौनपुर व लखनऊ के बीच खेला गया। इसमें जौनपुर ने सात प्वाइंट से जीत हासिल की। तीसरे मैच में देवरिया ने रायबरेली को पांच प्वाइंट से हराया।
इसके बाद चौथे मुकाबले में जौनपुर ने उन्नाव को आठ प्वाइंट से पराजित किया। पांचवां मुकाबला लखनऊ और रायबरेली के बीच खेला गया। इसमें लखनऊ टीम ने एक प्वाइंट से जीत हासिल की। बलिया ने कानपुर देहात को छह प्वाइंट से हराया। आखिर में चार टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने बताया कि आठ बजे से सेमीफाइनल व 12 बजे से फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस दौरान जय बजाज, डॉ. अखिलेश सिंह, सचिन, प्रेमी, भानु दुबे, अमन कुमार गुप्ता, राहुल कुमार गौतम, पवन सिंह आदि मौजूद रहे।