प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 72825 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत काउंसलिंग कराने वाले प्रशिक्षुओं को गुरुवार को बीएसए ने ज्वाइनिंग लेटर दिए। ज्वाइनिंग लेटर पाकर प्रशिक्षुओं के चेहरे खिल उठे। प्रशिक्षुओं को शुक्रवार को बीआरसी पर पर जाकर ज्वाइनिंग लेनी है।
72825 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में जिले में 513 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। इन अभ्यर्थियों ने छह महीने स्कूल में प्रशिक्षण लेने के बाद बीआरसी केंद्र पर भी छह महीने का प्रशिक्षण लिया था।
बावजूद इसके कई महीनों तक इनकी परीक्षा नहीं कराई गई। अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन के बाद जब परीक्षा हुई तो ज्वाइनिंग नहीं दी गई। इसके बाद अभ्यर्थियों ने बीएसए कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया।
प्रदर्शन का असर पड़ा कि विभाग ने इनकी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की। 30 अक्तूबर को प्रशिक्षुओं को काउंसलिंग के माध्यम से स्कूल दिए गए। गुरुवार को उन्हें बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह व बीईओ मुख्यालय राजेश सिंह ने ज्वाइनिंग लेटर दिए। इस दौरान शिक्षक नेता सत्यदेव सिंह, उदय यादव, संजय सिंह भी मौजूद रहे।
बीएसए ने बताया कि ज्वाइनिंग लेटर पाने वाले प्रशिक्षुओं को पंद्रह दिन के अंदर स्कूल जाकर ज्वाइनिंग करनी है। निर्धारित समय पर यदि ज्वाइन नहीं करते हैं तो उनका अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य प्रमाण पत्र के लिए ज्वाइनिंग लेटर के साथ ही सीएमओ के लिए पत्र भी अवश्य लगाए। अभ्यर्थी सीएमओ कार्यालय जाकर स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं।