उन्नाव। पंजाब प्रांत में फंसे उन्नाव सहित प्रदेश के चार अन्य जिलों के 1405 लोगों को लेकर लुधियाना स्टेशन से चली स्पेशल ट्रेन गुुरुवार सुबह उन्नाव जंक्शन पहुंची। सभी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए ट्रेन से उतारा गया। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद लंच पैकेट व पानी देकर 45 बसों से सभी को भेजा गया। इसमें 1375 श्रमिक उन्नाव जिले के रहने वाले हैं। सभी को क्वारंटीन किया गया है।
पंजाब के अलग-अलग शहरों में फंसे लोगों को लेकर 24 बोगी की श्रमिक स्पेशल ट्रेन नंबर 04446 गुरुवार सुबह 8:45 बजे उन्नाव जंक्शन पहुंची। इनमें उन्नाव के अलावा हरदोई, रायबरेली, प्रयागराज व कुशीनगर के श्रमिक शामिल हैं। 1405 श्रमिकों को उनके घर पहुंचाने के लिए 45 बसें लगाई गईं। गुजरात से लौटे श्रमिकों में 1375 उन्नाव जिले के और 30 श्रमिक चार अन्य जिलों के हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए एक एक बोगी से उतारा गया। एडीएम राकेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट चंदन पटेल व सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने जीआईसी मैदान में सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कराई और बसों में बिठाया।
कई बसों में अधिक यात्री होने से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो सका। वहीं, कुछ बसें स्टार्ट न होने से यात्रियों को धक्का लगाकर स्टार्ट करना पड़ा। गर्मी में पसीना-पसीना हुए यात्री बसों में एक दूसरे से सटकर बैठे नजर आए।