उन्नाव। टूटी पटरी से गुजरने के दौरान मेमू के पलटते बचने की घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। डीआरएम ने अमर उजाला में छपी खबर को संज्ञान में लेकर लखनऊ के विभागीय अधिकारी को इसकी जांच सौंपी है। मामले की जांच होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है।
सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे कानपुर से लखनऊ की ओर जाते समय 64202 एलकेएम (मेमू) जैसे ही उन्नाव स्टेशन से आगे बढ़कर इंडारगो के पीछे पहुंची। पटरी से गुजरते समय तेज आवाज हुई थी। इस धमाके में पटरी दो टुकड़ों में बंटकर एक तरफ धंस गई थी।
मामले में ट्रेन के कुछ कोच एक तरफ झुक भी गए थे। इसके बाद चालक ने ट्रेन को रोक दिया था। सूचना उच्चाधिकारियों के पास पहुंचने पर पटरी की मरम्मत कराई गई थी। मामले में सेक्शन इंजीनियर इरशाद ने कहा था कि टूटी पटरी के मामले से उनका कोई मतलब नहीं है। यह भी कहा था कि जो जिम्मेदार हैं उनसे बात करो।
मंगलवार को अमर उजाला में फोटो सहित खबर प्रकाशित हुई तो लखनऊ मुख्यालय के अफसरों ने मामले को संज्ञान में लिया। डीआरएम लखनऊ मंडल जगदीप राय ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। लखनऊ के विभागीय अधिकारी को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी जिम्मेदार होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।