तालग्राम। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ग्राम मुंडाला के पास खराब खड़ी डीसीएम में कोहरे के कारण ट्रक घुस गया। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भाग गया।
राजस्थान के जिला भरतपुर के थाना कुमेर के गांव शोगर निवासी जितेंद्र मथुरा से डीसीएम में आलू चिप्स की बोरियां लादकर लखनऊ जा रहा था। थाना तालग्राम के मुंडाला गांव के पास एक्सप्रेसवे पर रविवार रात 11.30 बजे अगला टायर फट जाने से पीली पट्टी पर डीसीएम खड़ी कर दी तभी नए ट्रैक्टर लादकर जा रहा ट्रेलर कोहरे के कारण डीसीएम से टकरा गया और अगला हिस्सा पलट गया।
सूचना पर यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया और एटलस गश्त दल व पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्रेन की मदद से टोल प्लाजा पर दोनों वाहनों को खड़ा करा दिया गया है।