हरियाली से वसुंधरा का शुरू हुआ श्रृंगार, होंगे सपने साकार
पौधरोपण में रिकार्ड बनाने को आगे आए जनप्रतिनिधि व अफसर
ग्रीन यूपी, क्लीन यूपी के लिए सुबह 10 बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम
सोमवार शाम पांच बजे तक रोपे गए 10 लाख से अधिक पौधे
मंगलवार सुबह 10 बजे तक जिले में लगाने हैं 22,42,125 पौधे
अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। ग्रीन यूपी, क्लीन यूपी के तहत पौधरोपण अभियान का सोमवार से आगाज हो गया। जिले भर में जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसरों तक ने पौधरोपण किया। पुलिस लाइंस में भी रंगरूटों ने पौधे लगाए। सोमवार शाम पांच बजे तक नौ लाख पौधे रोपित किए जा चुके थे। रिकार्ड बनाने को मंगलवार सुबह 10 बजे तक जिले में 22 लाख 42हजार 125 पौधे लगाए जाने हैं।
सिकंदरपुर करन के गंगा कटरी के गांव अलुहापुर सिर्स में एमएलसी सुनील सिंह यादव, डीएम सौम्या अग्रवाल व सीडीओ संजीव सिंह ने पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एमएलसी सुनील सिंह यादव ने लोगों से अपील की वह अपने खेत, खलिहान व अन्य जमीन पर पौधरोपण करें। डीएम सौम्या अग्रवाल ने कहा कि पूरे जनपद में ठोस व प्रभावी कार्ययोजना बनाकर पौधरोपण किया रहा है। जनपद के 131 स्थलों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीडीओ संजीव सिंह व डीएफ ओ वीके मिश्र ने कार्यक्रम का संचालन किया।
सफीपुर में स्वास्थ्य राज्यमंत्री सुधीर रावत ने शारदा नहर ब्रांच के किनारे पौधे लगाए। एसडीएम प्रतिपाल सिंह भी मौजूद रहे। सीओ वंदना सिंह ने कोतवाली परिसर, बीडीओ सपना अवस्थी व बीईओ पूनम वर्मा ने जूनियर स्कूल अटवा में पौधरोपण किया। चकलवंशी के माखी थाना परिसर में प्रभारी बृजमोहन ने पौधे लगाए। फ तेहपुर चौरासी में पंचायत विभाग व थाना पुलिस ने एक सैकड़ा से अधिक पौधों का रोपण किया। ग्राम पंचायत लवानी, शादुल्लापुर, हयासपुर, समसपुर अटिया कबूलपुर में ग्राम प्रधान नीरज, रामकुमार, महेंद्र यादव व राजेंद्र मिश्र सहित ग्राम विकास अधिकारी आकाश शुक्ला, तकनीकी सहायक धीरेंद्र शुक्ला ने पौधे लगाए। कार्यवाहक थानाध्यक्ष मुइन खां सहित चौकी क्षेत्र तकिया में दरोगा भगवान सिंह, ऊगू में कुलदीप सिंह व राजेपुर में विश्वदेव यादव ने पौधे लगाए।
9 सौ बीघे भूमि पर 88 हजार जंगली बबूल के पौधे लगाए
हसनगंज ब्लाक में एसडीएम प्रशांत भारती ने शकरपुर गांव स्थित वन विभाग की भूमि पर पौधे लगाए। वन विभाग की 9 सौ बीघे भूमि पर 88 हजार जंगली बबूल के पौधे लगाए गए हैं। कस्बा मोहान में चेयरमैन समरजीत यादव ने पौधे लगाए। इस दौरान बीडीओ राबिया बेगम, मेजर एके सिंह, प्रवीण दुबे, एसके पांडेय, अखिलेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। थाना परिसर में एसओ मनोज मिश्रा ने शीशम, नीम, आम व जामुन सहित एक सैकड़ा पौधे लगाए। इस दौरान वीके तिवारी, घनश्याम मिश्रा, कृष्णानंद पांडेय उपस्थित रहे।
गंजमुरादाबाद नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष इकबाल हसन अंसारी ने पौधरोपण किया। यहां पर रईस अंसारी, मजीद खां, शहजाद खां, अबरार खां, मुन्ना, विवेक कुमार सभासद के अलावा लिपिक अवधेश अवस्थी, अनीशे शीबा खान और कुलदीप शर्मा आदि मौजूद रहे। पुलिस चौकी परिसर में प्रभारी हसीब अहमद ने पौधरोपण किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय तेंदुआ हिरन कुद्दी नवाबगंज में खंड शिक्षा अधिकारी आरती गुप्ता ने पौधरोपण किया।