बांगरमऊ। संडीला जाने वाले मार्ग पर गल्लामंडी होने से बांगरमऊ कस्बा में सुबह से शाम तक लगने वाले जाम से अब निजात मिलेगा। एसडीएम के निर्देश पर अब सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक कस्बे में भारी वाहनों का प्रवेश रोका गया है। गल्ला मंडी होने और पूरे दिन कस्बे में भारी वाहनों के प्रवेश से सुबह से शाम तक लोगों को रोजाना भीषण जाम से गुजरना पड़ता था। यातायात में हुए बदलाव के बाद अब संडीला की ओर जाने वाले वाहनों को लगभग 10 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा।
एसडीएम अक्षत वर्मा के निर्देश पर नई व्यवस्था के तहत नगर के लखनऊ चौराहा से हरदोई-उन्नाव बाईपास मार्ग तक भारी वाहन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक प्रवेश नहीं कर पाएंगे। उन्नाव से हरदोई जाने वाले भारी वाहनों को नानामऊ तिराहे से मोड़कर कल्याणी नदी पुल के निकट से हरदोई की ओर मोड़ा जाएगा। इसी तरह हरदोई से उन्नाव जाने के लिए बाईपास मार्ग होते हुए नानामऊ मार्ग पर आकर नगर के नानामऊ तिराहे से उन्नाव की ओर वाहनों को मोड़ा जाएगा। जो भी भारी वाहन हरदोई, उन्नाव या कन्नौज की ओर से लखनऊ की ओर जाएंगे, उन्हें लखनऊ चौराहे से मोड़ दिया जाएगा। कोई भी भारी वाहन संडीला मार्ग तिराहे से संडीला की ओर नहीं जा पाएगा। हरदोई से संडीला जाने वाले भारी वाहनों को मल्लावां से संडीला जाना पड़ेगा।
कन्नौज की ओर से संडीला जाने वाले भारी वाहनों को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन की ओर डायवर्ट किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि वाहन चालक को रूट डायवर्जन की जानकारी लिए शीघ्र ही संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। बताया कि नगर में लग रहे जाम की समस्या से निजात के लिए यह फैसला लिया गया है।