चकलवंशी (उन्नाव)। उन्नाव- हरदोई मार्ग स्थिति ढाबे से इथाइल अल्कोहल की बड़ी खेप पकड़ी गई है। चालकों की मिलीभगत से टैंकरों से निकाले गए इथाइल अल्कोहल को कच्ची शराब बनाने वालों तक पहुंचाने की संभावना जताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो को धर दबोचा, जबकि बाकी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए स्कार्पियो से भाग निकले। टैंकर बिजनौर से गाजीपुर जा रहा था। पकड़े गए अल्कोहल की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
उन्नाव- हरदोई मार्ग पर मांखी निवासी जगन्नाथ सिंह का ढाबा है। बुधवार रात चौहान ढाबे पर जनरल ट्रांसपोर्ट कंपनी दिल्ली के तीन टैंकर रु के । इन टैंकरों से 40-40 लीटर के जेरीकेन में एथाइल अल्कोहल अवैध रूप से निकाला जाने लगा। इसकी सूचना मिलते ही माखी पुलिस व सदर आबकारी निरीक्षक डा. गिरीराज सिंह ने टीम के साथ छापेमारी की।
पुलिस को आता देख टैंकर से कुछ दूरी पर स्कार्पियों में बैठे लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भाग निकले। आबकारी निरीक्षक डा. गिरीराज सिंह ने बताया कि सभी टैंकरों में एथाइल अल्कोहल भरा था।
इसे स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल भी कहते हैं। यह टैंकर जैन डिस्ट्रिलरी बिजनौर से लार्ड डिस्ट्रिलरी नंदगंज गाजीपुर जा रहे थे, जिसका रूट लखनऊ-सीतापुर है। लेकिन टैंकर चालक रूट बदलकर ढाबे पर पहुंचे। यहां टैंकरों से अल्कोहल जेरीकेन में निकालकर पिकप में लादा जा रहा था। पिकअप पर 26 जरीकेनों मेें एथाइल अल्कोहल भरा मिला है।
अल्कोहल की तीब्रता करीब 95 प्रतिशत है। जबकि सरकारी शराब 42.8 प्रतिशत पर बनती है। इस एक लीटर अल्कोहल से तीन लीटर तक शराब बनाई जा सकती है। पिकप पर 40 लीटर क्षमता के 26 जरीकेन लदे मिले हैं। माखी थानाध्यक्ष श्रीकांत दुबे ने बताया कि टैंकरों के साथ एक सफेद रंग की स्कार्पियो भी चल रही थी। जिन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया तो वह लोग फायरिंग करते हुए भाग निकले।
उन्होंने बताया कि मौके से रमेश यादव निवासी चकबरी थाना निजामाबाद आजमगढ़ व अजय निवासी कुददूखेड़ा कोतवाली उन्नाव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके से भागे लोगों के बारे में जानकारी की जा रही है। इसके अलावा कुछ और लोगों के नाम सामने आए हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। छापेमारी में आबकारी निरीक्षक डॉ. गिरिराज सिंह के साथ जितेंद्र सिंह व पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सहित सब इंस्पेक्टर एससी शुक्ला व प्रमोद दुबे आदि शामिल रहे।