उन्नाव। परिषदीय विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के घर में शौचालय है कि नहीं इसकी जानकारी बीईओ करेंगे। यदि शौचालय नहीं है तो बच्चों को माता-पिता से शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित करें। इतना ही नहीं जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में भी शौचालयों की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करा ली जाए।
यह निर्देश एडी बेसिक महेंद्र सिंह राणा ने शुक्रवार की शाम को बीएसए कार्यालय में बीईओ के साथ बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि यदि शौचालय नहीं है तो उसे बनवाने के लिए सरकार इसके लिए 12 हजार रुपये भी देगी।
उन्होंने कहा कि राज्यमंत्री योगेश प्रताप सिंह 28 जनवरी को जिले के किसी भी परिषदीय विद्यालय का निरीक्षण कर सकते हैं इसलिए व्यवस्था चुस्त दुरुस्त कर ली जाए। बैठक के दौरान उन्होंने बीईओ बीघापुर सुषमा सिंह को सचिव के छुट्टी के आदेश के बाद भी विद्यालयों की क्रास चेकिंग कराने पर फटकार भी लगाई।
यहां उन्होंने अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। बीईओ ने एडीबेसिक को बताया कि उन्हें अक्टूबर माह से वेतन नहीं मिल पा रहा है। इस पर उन्होंने लिखित रूप में देने के लिए कहा साथ ही यह आश्वासन दिया कि वित्त नियंत्रक से बात कर जल्द ही वेतन दिलाया जाएगा।
बीईओ को निर्देश दिए कि वह सुबह 10 बजे विद्यालय निरीक्षण के लिए पहुंचे ताकि बच्चों को भी समय का ज्ञान हो सके। जब बीईओ समय से पहुंचेंगे तो टीचर भी लापरवाही नहीं कर सकेगा। इस दौरान सोलह विकासखंडों के बीईओ मौजूद रहे।