बांगरमऊ। विधायक बदलू खां के पुत्रों के दावत-ए-वलीमा में सोमवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। वे दोपहर करीब एक बजे हेलीकाप्टर से शांति मोहन मिल मैदान में उतरेंगे। यहां से वे कार से इंदिरा गांधी डिग्री कालेज में आयोजित दावत-ए-वलीमा में शामिल होने जाएंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर रविवार को डीएम सौम्या अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल ने शांति मिल मैदान में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वलीमा में स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, ग्राम्य विकास मंत्री अरविंद सिंह गोप, नगर विकास मंत्री आजम खां समेत कई मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। सोमवार की रात मुशायरे का भी आयोजन किया गया है।
इसमें राहत इंदौरी, राही बस्तवी, वसीम रामपुरी, माजिद, देवबंदी, हासिम फिरोजबादी, मरहूम मालेगांव, निजाम बनारसी, विकास भौकल, सबीना अदीब, शाहिस्तासना समेत तमाम शायर अपने कलाम पेश करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर व्यवस्था चाकचौबंद करने के लिए जिला तथा पालिका प्रशासन के अधिकारी जुटे रहे। एसडीएम शशिकांत प्रसाद, पालिका अधिशाषी अधिकारी मोहम्मद अनवार, तहसीलदार सहित राजस्व कर्मी रविवार को पूरे दिन डटे रहे।