सफीपुर कोतवाली व माखी थाना परिसर में मोहर्रम पर्व के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिसमें एसडीएम बृजेश कुमार सिंह व सीओ सफीपुर सुशील कुमार सिंह ने जुलूस के मार्गों व तिथियों की जानकारी ली और लोगों से पर्व को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की।
एसडीएम ने सफीपुर कोतवाली में कहा कि नगर व क्षेत्र की गंगा-जमुनी संस्कृति की मिशाल को कायम रखते हुए सभी लोग पर्व को मिलजुलकर मनाएं। क्षेत्र की यही परंपरा रही है जो आगे भी कायम रहे। उन्होंने कहा कि अराजकतत्वों का कोई धर्म नहीं होता। उनसे होशियार रहने और ऐसे लोगों के कहीं भी नजर आने पर तत्काल सूचना देने की भी बात अधिकारियों ने कही। लोगों से समस्याएं जानी गईं तो जुलूस के समय झूलते तारों को कसवाने और आवश्यक विद्युत सप्लाई, नगर पंचायत की ओर से पानी की सप्लाई, गंदे जानवरों को बंद रखने की मांग की गई। यहां प्रबुद्धजनों में नगर पंचायत अध्यक्ष पति हरिशरण लाला, नसीम अहमद, रजोल तिवारी भी उपस्थित रहे। उधर,माखी थाना परिसर में आयोजित बैठक में सीओ ने लोगों से कहा कि नवरात्रि, दशहरा व मोहर्रम त्योहारों में होने वाले कार्यक्रमों को प्रेम व सौहार्द से मनाएं। सीओ ने उपस्थित ग्राम प्रधानों व अन्य लोगों से क्षेत्र की समस्याएं सुनी। लोगों की मांग पर सीओ ने जुलूस व मेलों में पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर एसओ अरुण प्रताप सिंह, कई ग्राम प्रधान व क्षेत्र के जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।