उन्नाव शुक्लागंज मार्ग पर कुंदनरोड़ के पास आपस में तीन वाहन टकराने के बाद लगा जाम।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर टेंपो के डिवाइडर से टकराने के बाद तेज रफ्तार कार टेंपो में पीछे से घुस गई। अभी कार सवार संभल पाते सवारियां लेकर कानपुर की ओर जा रहा दूसरा टेंपो पीछे से कार में टकरा गया। हादसे में टेंपो व कार सवार चार महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए। टेंपो सवार लोग महिला मरीज को जिला अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर ले जा रहे थे। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान जाम लगने से करीब पौन घंटा उन्नाव से कानपुर की ओर जाने वाली लेन पर आवागमन बाधित रहा।
हादसा शुक्रवार दोपहर एक बजे करीब हुआ। उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के कुंदन रोड के पास कानपुर की ओर जा रहा टेंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में टेंपो चालक अजगैन थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव निवासी आनंद द्विवेदी घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे टेंपो से बाहर निकालकर रोड के किनारे बैठाया ही था कि पीछे से तेज रफ्तार कार टेंपो में पीछे घुस गई।
हादसे में कार सवार लखनऊ के काकोरी के दौलतखेड़ा शाहपुर निवासी छोटू 30 पुत्र गयाप्रसाद व 12 वर्षीय बालक मयंक लहूलुहान हो गए। अभी कार सवार लोगों को बाहर निकाला जाता, पीछे से दूसरा टेंपो कार में घुस गया। टेंपो जिला अस्पताल से महिला मरीज के डिस्चार्ज होने पर उसे छोड़ने सदर कोतवाली के गलगलहा गांव जा रहा था। हादसे में महिला मरीज निर्मला 30 पत्नी विंदादीन उसकी 32 वर्षीय बेटी सुमन व पड़ोसी माधुरी 32 पत्नी रामदास व गंगाघाट के मिश्रा कालोनी निवासी दिनेश बाजपेई की पत्नी माया बाजपेई घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं तीन वाहनों के आपस में टकराने से जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा जाम खुलवाया।