औरास (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे थाना क्षेत्र के दिपवल गांव के सामने शुक्रवार तड़के आगे चल रहे वाहन को बचाने की कोशिश में आलू लदा ट्रक पलट गया। सड़क पर आलू फैलने से पीछे से आ रहा पिकअप लोडर खड़ा हो गया। पीछे से आई बस ने पिकअप लोडर को टक्कर मार दी, जिससे लोडर पलटे पड़े ट्रक से टकरा गया। बस भी डिवाइडर तोड़कर दूसरी दिशा में चली गई। हादसे में लोडर सवार दो सगे भाई व ट्रक सवार चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। जबकि बस सवार बाल-बाल बच गए। यूपीडा कर्मियों ने सभी को सीएचसी में भर्ती कराया।
संतकबीरनगर जिले के जसवंत भरौलिया गांव निवासी आशुतोष त्रिपाठी (30) गुरुवार रात क्लीनर सिद्धार्थ (20) और सर्वजीत (27) के साथ आगरा से ट्रक में आलू लादकर समस्तीपुर (बिहार) को चला था। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे करीब लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर औरास क्षेत्र के दिपवल गांव के सामने आगे चल रहे वाहन को बचाने में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक आशुतोष व क्लीनर सिद्धार्थ व सर्वजीत घायल हो गए। ट्रक में लदी आलू सड़क पर बिखरने से आगरा की ओर से आ रहे पिकअप चालक सिकंदराबाद निवासी सगे भाई विशाल व सुनील ने लोडर रोक दिया। इसी बीच आगरा से करीब 40 सवारियों को लेकर बिहार जा रही बस पिकअप को टक्कर मारते हुए डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी दिशा में चली गई। हादसे में बस सवार तो बाल-बाल बच गए पर पिकअप सवार सगे भाई घायल हो गए। यूपीडा और पीआरवी टीम ने वाहनों को हटवाकर रास्ता साफ कराया। इस दौरान करीब आधा घंटा जाम के हालात बने रहे।