उन्नाव। कच्ची शराब पीने से तीन और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई हैै। शराब पीने से गंभीर दो लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक को कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कई अन्य लोगों का इलाज शहर के नर्सिंगहोमों में चल रहा है। उधर, इस मामले में मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्नाव के एसपी महेंद्रपाल सिंह को हटा दिया है, जबकि आबकारी निरीक्षक और सदर कोतवाली प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव करोवन के मजरा निंबहरा में शनिवार को कच्ची शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि निंबहरा और मगरवारा के कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की देर रात कानपुर रेफर किए गए निंबहरा निवासी अशोक उर्फ कल्लू (35), हनुमान (50) और करोवन गांव निवासी किशनपाल सिंह (52) की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। निंबहरा गांव निवासी राजेंद्र (27), रामबहादुर (30) का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा करोवन गांव निवासी पृथ्वीपाल (20) को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। कई अन्य लोगों का उनके परिजन कानपुर के अलग-अलग नर्सिंगहोम में इलाज करा रहे हैं।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने सदर कोतवाली प्रभारी परशुराम त्रिपाठी, मगरवारा पुलिस चौकी इंचार्ज योगेश दीक्षित, गंगाघाट थाना में तैनात हलका इंचार्ज उपनिरीक्षक नितेंद्र शुक्ला, इसी थाने में तैनात हेड कांस्टेबिल रामेश्वर कुशवाहा, एके तिवारी और मगरवारा चौकी में तैनात हेड कांस्टेबिल राजेंद्र पांडेय और संजय कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा आबकारी निरीक्षक को भी सस्पेंड कर दिया गया है। रविवार शाम डीएम सौम्या अग्रवाल और एसपी एमपी सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर शराब पीने से बीमार हुए लोगों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
उधर, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए उन्नाव एसपी महेंद्र पाल सिंह को हटा दिया है। इनके स्थान पर चित्रकूट के एसपी पवन कुमार को उन्नाव का एसपी बनाया है।