जन औषधि केंद्र के बाहर दवा लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते मरीज और तीमारदार।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों में वृद्ध महिला सहित तीन लोगों की बुखार व डायरिया की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि 12 अन्य को भर्ती कराया गया। जिनमें तीन मरीजों की हालत बिगड़ने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।
सदर कोतवाली के मुल्लाहनगर निवासी रामदेवी (65) को पेट दर्द व दस्त की शिकायत पर मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह इलाज के दौरान रामदेवी की मौत हो गई। इसी तरह बुखार से पीड़ित अचलगंज कसबा निवासी शंकर (70) व शहर के काशीराम कालोनी निवासी दिनेश (35) की जिला अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा बुखार व डायरिया से पीड़ित 12 अन्य मरीजों को भी बुधवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें तीन युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया था। संक्रामक रोग विभाग के नोडल अधिकारी डा. आरएस मिश्रा के अनुसार दिन में मौसम गर्म रहने व रात में तापमान गिरने से संक्रामक रोगों का हमला बढ़ा है। जिससे लोग बुखार व डायरिया की चपेट में आ रहे हैं।
दवाओं का भेजा आर्डर
जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद दवाओं का स्टाक पूरा करने के लिए इस बार समय से पहले आर्डर भेज दिया गया है। सीएमएस डा. एम लाल ने बताया कि स्टाक बनाए रखने के लिए पहले से आर्डर भेजा गया है। इससे मरीजों को लगातार दवाएं मिलती रहेंगी।
ओपीडी में भी बढ़ी मरीजों की संख्या
संक्रामक रोगों का हमला तेज होने से ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में तीस फीसदी मरीज बुखार व डायरिया के रहे। डा. आलोक पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव से अधिकतर लोग बुखार व डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। बुखार से पीड़ित मरीजों में 50 फीसदी लोग वायरल व मच्छर से होने वाले रोगों से पीड़ित हैं।