हसनगंज पुलिस की गिरफ्त में गोवध के आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
गोवंश की हत्या के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि हसनगंज, औरास व अजगैन में हुई गोवंश की घटनाओं में यही युवक शामिल थे। पुलिस ने युवकों के पास से दो तमंचे व तीन चाकू बरामद किए हैं।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के उपनिरीक्षक प्रेमनारायन ने बताया कि शुक्रवार रात उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक पशु तस्करी की मंशा से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पिलखना रसीदपुर के निकट मौजूद हैं। मुखबिर की सूचना पर उन्होंने मौके पर पहुंच तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
युवकों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम राजकुमार, लाल व निहाल निवासी बंजारनखेड़ा थाना मलिहाबाद, लखनऊ बताया। युवकों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने अजगैन के नवई, औरास व हसनगंज क्षेत्र में हुई गोवध की हत्या की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकारी। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। युवकों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में मो कासिम, कमलेंद्र सिंह, सुनील सिंह, सत्येंद्र सिंह व अजवेश यादव मौजूद रहे।
सिर्फ तीन घटनाओं की बात स्वीकारी
हसनगंज पुलिस का दावा कि उसने जिन तीन युवकों को पकड़ा है उन्होंने सिर्फ हसनगंज, औरास व अजगैन थानाक्षेत्र में गोवंश की एक-एक घटना को ही अंजाम दिया। इससे पूर्व उन्होंने ऐसी वारदात नहीं की थी। इसके अलावा गोवंश हत्या के बाद मांस को कहां ले जाकर बेचा इसकी जानकारी भी पुलिस ने नहीं दी। ऐसे में पुलिस का खुलासा सवालों के घेरे में आ गया है।