उन्नाव। शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की रात एक व्यापारी के घर में धावा बोलकर चोरों ने रिवाल्वर और तीन लाख की जेवर-नगदी पार कर दी। आहट मिलने पर गृहस्वामी ने चोरों को दौड़ा लिया। सूचना पर रात करीब एक बजे सीओ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सिंगरोसी गांव में मंगलवार रात चोरों ने किराना व्यापारी के घर को निशाना बनाया। मकान के बाहर की तरफ लगा रोशनदान तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए चोर कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 80 हजार रुपये और रिवाल्वर के अलावा दो लाख के जेवर व अन्य सामान चोरी कर भाग निकले। घटना के समय मनोज व उनकी पत्नी मीना और दो बच्चे कमरे में सो रहे थे। रात करीब साढ़े बारह बजे आहट पाकर मनोज की नींद खुली तो वह दरवाजा खोलकर कमरे से बाहर निकले।
मनोज के मुताबिक उन्होंने दो चोरों को कमरे से निकलकर घर के बाहर की ओर भागते हुए देखा। शोर मचाते हुए पीछा किया तो घर के बाहर पहले से मौजूद दो और साथी नजर आए। पीड़ित के मुताबिक उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी। इसके बाद सीओ आरके सिंह और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की तफ्तीश करने के बाद लौट गई।
पीड़ित ने बताया कि उसके बड़े भाई बसपा नेता हैं और वह बसपा के टिकट पर मोहान विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं। पीड़ित ने बताया कि शहर के मोहल्ला गांधीनगर में उसकी किराना की दुकान है। शहर कोतवाली प्रभारी प्रदीप यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की तफ्तीश की जा रही है।
जिले में लाइसेंसी शस्त्र की सातवीं चोरी
उन्नाव। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं में चोरों ने कीमती सामान और नगदी के अलावा लाइसेंसी शस्त्रों पर भी अपनी नजर गड़ा ली हैं। पुलिस रिकार्ड के अनुसार इस साल हुई चोरी की घटनाओं में सातवीं ऐसी घटना है जिसमें चोरों ने लाइसेंसी शस्त्र पार कर दिया। इससे पहले शहर कोतवाली में तीन और अजगैन, बीघापुर और सोहरामऊ से एक-एक शस्त्र चोरी हो चुका है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई और ना ही शस्त्र बरामद कर पाई।