अजगैन। थानाक्षेत्र के गांव मलांव में सीढ़ी के रास्ते घर में उतरे चोरों ने ताले तोड़कर जेवर, नगदी साफ कर दी। जबकि परिजन घर में सोते रहे और उन्हें भनक भी नहीं लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर रिपोर्ट दर्ज की है।
मलांव में रहने वाले ओमकरन दीक्षित घर के सामने चक्की व स्पेलर का काम करते हैं। गुरुवार को भी वह खाना खाने के बाद कारखाने चले गए। घर में रहने वाले अन्य सदस्य सो गए। रात लगभग बारह बजे चोर घर के पीछे के रास्ते से छत पर चढ़े और जाल में सीढ़ी लगाकर आंगन में उतर गए।
कमरे और अलमारी का ताला तोड़ कर सोने व चांदी के जेवर और 21 हजार रुपये पार कर दिए। रात लगभग एक बजे जब ओमकरन घर वापस आए तो सामान बिखरा देखा। उन्होंने सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष ने मौका मुआयना कर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अजगैन थाना प्रभारी ऋषिकांत शुक्ला ने बताया कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
अजगैन। चोरों ने बुधवार रात थाने से चंद कदम दूर मोबाइल शॉप से करीब दो लाख का माल पार किया था, पुलिस अभी इस घटना का भी खुलासा नहीं कर पाई है।