पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए दिनेश के हत्यारोपी पति पत्नी व घटना का खुलासा करते एएसपी वीके पांडेय।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। सदर कोतवाली के गांव संभरखेड़ा निवासी ट्रैक्टर चालक की हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। एएसपी उत्तरी ने बताया कि विवाहिता से नजदीकियों के चलते युवक की हत्या की गई। महिला ने उससे पीछा छुड़ाने के लिए पति के कहने पर बुलाया। योजना बनाकर दंपति ने छह अन्य लोगों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। असोहा थाना क्षेत्र में हत्या करने के बाद शव को लखनऊ जिले केबंथरा थानाक्षेत्र में सड़क पर रखकर ट्रक से कुचलवा दिया। पुलिस ने हत्यारोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
सदर कोतवाली के संभरखेड़ा गांव मजरा खटई निवासी दिनेश (25) पुत्र शिवबालक पेशे से ट्रैक्टर चालक था। 23 जुलाई को वह घर से काम पर जाने की बात कह कर निकला था। वापस घर न लौटने पर परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला। पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पिता ने सोहरामऊ थाना क्षेत्र के गांव महनौरा में ब्याही गांव की महिला सरोज से उसकी नजदीकी होने की बात बताई थी। पुलिस ने दिनेश का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया तो घटना वाले दिन उसकी लोकेशन सोहरामऊ में पाई गई। मगरवारा चौकी प्रभारी अखिलेश यादव को बंथरा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की जानकारी मिली। उन्होंने दिनेश के परिजनों को बंथरा ले जाकर शव की शिनाख्त कराई। इसके बाद तफ्तीश शुरू की। महिला और उसके पति से अलग-अलग कड़ाई से पूछताछ की तो हत्या की घटना का खुलासा हुआ।
एएसपी उत्तरी विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि सोहरामऊ थानाक्षेत्र के महनौरा गांव निवासी अजय कुमार उर्फ रामबहादुर की पत्नी सरोज का दिनेश के गांव खटई में मायका है। दिनेश और सरोज के बीच कई साल से नजदीकियां थीं। वह सरोज की ससुराल भी आता जाता रहता था। इससे परेशान अजय ने पत्नी, सरोज के जरिए दिनेश को 23 जुलाई को फोन करके गांव बुलवाया। उसके पहुंचने पर अजय ने अपने साथी सोहरामऊ के भैसौरा गांव निवासी सुशील कुमार, असोहा थाना क्षेत्र के नरसिंह गांव निवासी संदीप, लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के खसरवारा गांव निवासी नीरज, सूरज, लवकुश व असोहा थाना के मिल्की गांव निवासी रंजीत की मदद से असोहा के कृष्णमोहन के फार्म हाउस ले जाकर लात-घूसों से पीटा। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर नरसिंहपुर कांथा गांव के पास एक यूकेलिप्टस के बाग ले जाकर रॉड से पीटकर हत्या कर दी। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए अजय अपने साथी रंजीत की मदद से शव को बंथरा थाना क्षेत्र के रामगढ़ी हरौनी के पास लखनऊ-मोहान मार्ग पर ले गया और शव को सड़क पर रखकर ट्रक से कुचलवा दिया।
एएसपी ने बताया कि आरोपी अजय व उसकी पत्नी सरोज को गिरफ्तार किया गया है। अजय की निशानदेही पर मृतक दिनेश के चप्पल, पर्स, आधार कार्ड, रुपये, वोटर कार्ड की फोटो कापी व उसके हाथों में बांधी गई रस्सी का टुकड़ा बरामद किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।