उन्नाव। शादी समारोह में शामिल होने गए एक युवक का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस सड़क हादसे में मौत होने की बात कह रही है, जबकि मृतक के भाई ने गांव की ही तीन लोगों पर जमीन की रंजिश में हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मौरावां थानाक्षेत्र के ककरारी खेड़ा गांव निवासी संजय लोधी (39) सोमवार को रिश्तेदार की बारात में उदतपुर गांव गया था। रात में वह कुछ लोगों के साथ अकोहरी चौराहा की ओर जाते हुए देखा गया। इसके बाद उसका कहीं पता नहीं चला। मंगलवार सुबह लोगों ने संजय का शव ककरारी चौराहे के पास पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि संजय की मौत सड़क हादसे में हुई है।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई मनोज का आरोप है कि उसके भाई (मृतक) का गांव के एक युवक से पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। करीब एक साल पहले एडीएम कोर्ट में विपक्षी मुकदमा हार गया था तब से वह इस बात की रंजिश मानने लगा था। उसने बताया कि घटना स्थल के पास ही गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो बेटों के आधार कार्ड पड़े मिले हैं।
परिजनों ने बताया कि मृतक के तीन बेटे मुकेश, राकेश और अशोक हैं। पत्नी माया का बुराहाल है। मौरावां थानाध्यक्ष केके यादव ने बताया कि घटना की तफ्तीश चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।