नवाबगंज। बरुआ गांव में बुधवार रात महिला का बरामदे में रस्सी के फंदे से शव लटका मिला। पुलिस जांच में शराब के नशे में विवाद के बाद यह कदम उठाने की बात सामने आई है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के बरुआ गांव निवासी रंजना (30) पत्नी सुजीत का शव बुधवार रात घर के बाहर बरामदे में साड़ी से फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मृतका रंजना के पिता दही थानाक्षेत्र के कुमेदानखेड़ा गांव निवासी प्रकाश लोधी को घटना की जानकारी दी।
पिता ने बताया कि बेटी ने दस साल पहले प्रेम विवाह किया था। आठ साल का बेटा गोपाल है। ग्रामीणों में चर्चा है कि पति-पत्नी दोनों ही शराब पीते थे। इससे दोनों में आए दिन झगड़े होते थे। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं की है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।