उन्नाव। कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायबरेली क्रासिंग पर आरओबी बनकर तैयार हो गया है। बुधवार से राहगीर इस पर अपने वाहन भी दौड़ाने लगेंगे। ऐसे में लखनऊ से कानपुर का सफर यात्रियों के लिए आसान हो जाएगा।
कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आरओबी निर्माण की स्वीकृति अक्टूबर 2005 में मिल गई थी लेकिन काम में देरी की वजह से निर्माण कार्य मार्च 2010 से शुरू हो सका। कई बार निर्माण कार्य पूरा करने की डेडलाइन को आगे बढ़ाया गया। शासन के निर्देश के बाद मार्च 2015 की डेडलाइन तय की गई, लेकिन तमाम प्रयास के बाद जून 2015 में काम पूरा हो सका है।
आरओबी के चालू होने से अब कानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर सफर करने वाले वाहनों को जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। कानपुर सीमा से लखनऊ सीमा के मध्य का करीब 78 किलोमीटर लंबा सफर पुल के चालू होने से 50 से 60 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
अभी आरओबी निर्माण स्थल व रायबरेली क्रासिंग के बंद होने पर लगने वाले जाम के कारण वाहन दो-दो घंटे तक फंसे रहते थे। कई बार तो शाम से लगा जाम सुबह खुलता था। यही नहीं जाम के झाम से छुटकारा पाने को राहगीर अचलगंज व पुरवा मार्ग से होते हुये कई किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाकर कानपुर व लखनऊ पहुंच पाते थे। लेकिन राहगीरों को इन सबसे राहत मिलने जा रही है।