नगर पालिका परिसर के बाहर र्ईओ का घेराव करते संविदा कर्मी।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। तीन माह से भुगतान न मिलने से आक्रोशित नगर पालिका के संविदा कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह हंगामा शुरू कर दिया। नगर पालिका परिसर में हंगामा करते हुए उन्होंने ईओ का घेराव किया व भुगतान कराने की मांग की। जल्द से जल्द भुगतान के आश्वासन पर सफाई कर्मचारी शांत हुए।
नगर पालिका में ठेके पर 300 कर्मचारी तैनात हैं। इनमें सफाई कर्मी, कंप्यूटर आपरेटर, पंप चालक शामिल हैं। इन कर्मियों को तीन माह से भुगतान नहीं मिला था। भुगतान न मिलने से उन्हें परिवार का खर्च चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार सुबह ठेके पर तैनात कर्मचारी नगर पालिका परिसर में एकत्रित हुए और हंगामा करने लगे। इस दौरान उन्होंने ईओ रामपूजन श्रीवास्तव का घेराव भी किया।
कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें समय से भुगतान नहीं मिलता है। कर्मचारियों की शिकायत पर ईओ रामपूजन श्रीवास्तव ने उन्हें जल्द भुगतान दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारी शांत हुए। ईओ ने बताया कि बजट न मिलने से भुगतान नहीं हो पा रहा था। सभी कर्मियों को दो दिन के अंदर भुगतान करा दिया जाएगा।