तकनीकी गड़बड़ी के कारण एक्सप्रेस-वे पर र्सइं नदी के पुल की स्लेप नहीं डाली जा रही है। तीन दिन बाद एक्सप्रेस-वे का आवागमन आम आदमी के लिए खोल दिया जाएगा। ऐसे में लोगों को खतरे के बीच सफर तय करना पड़ सकता है।
कस्बा औरास के बगल से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे निकला है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार एक्सप्रेस-वे 23 दिसंबर से आम आदमी के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। मौजूदा समय की एक्सप्रेस वे की जो स्थिति है उससे तो समय पर आवागमन शुरू होने की उम्मीद कम ही है। ग्रामीणों की मानें तो लखनऊ से आगरा जाने वाली पट्टी पर औरास के सईं नदी पुल की स्लेप अब तक नहीं डाली जा सकी है। बताया जाता है कि इस पुल में कोई तकनीकी खराबी है।
जिसकी जांच के लिए जिम्मेदार लगे हुए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्लेप का काम पूरा कराया जाएगा। ऐसे में यदि एक्सप्रेस-वे को तीन दिन बाद खोल दिया जाता है तो लोगों को रास्ता बदल-बदलकर सफर तय करना पड़ेगा। यह खतरनाक साबित हो सकता है। एक्सप्रेस-वे पर काम कर रहे कर्मचारियों के मुताबिक, दोनों तरफ से एक साइड ही बनकर तैयार हो पाई है। इसलिए आवागमन एक ही सड़क पर होगा। बताया अभी छोटे बड़े बहुत काम बाकी हैं। जिसे पूरा करने में महीनों समय लगेगा।