फर्रुखाबाद। जमीन के विवाद में पिता की हत्या के मामले में पुलिस फरार दूसरे आरोपी पुत्र को पकड़ने में नाकाम रही। पुलिस के हाथ अभी तक आला कत्ल भी नहीं लगा है। गिरफ्तार ओमकार की आंखें खराब होने के कारण वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। दूसरा आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अर्रापहाड़पुर में रामसनेही पाल (70) की उनके पुत्र ओमकार व अनिल ने सोमवार रात हत्या कर दी थी। इस मामले में चचेरे भाई देवेंद्र ने दोनों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवा दी थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ओमकार को हिरासत में ले लिया था। बता दें कि ओमकार और देवेंद्र एक साथ घर से भागे थे। कुछ दूर गली तक ले जाने के बाद अनिल ने ओमकार का साथ छोड़ दिया था। ओमकार को आंखों से कम दिखने से वह भाग नहीं सका। ओमकार ने पिता की हत्या करने में अपने भाई अनिल का सहयोग किया था। ओमकार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा जा चुका है।
थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।