शूटिंग देखने के लिए जिला अस्पताल में लगी भीड़।
- फोटो : शूटिंग देखने के लिए जिला अस्पताल में लगी भीड़।
उन्नाव। अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दिकी की वेब सीरीज ‘रात अकेली है’ दूसरे सीजन के कुछ दृश्य जिला अस्पताल के वार्ड में शुक्रवार को शूट किए गए। शूटिंग की जानकारी होने पर उनके प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी। हालांकि सुरक्षा कड़ी रही।
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन की वेब सीरीज का पहला भाग 2020 में आया था। यह वेब सीरीज सामाजिक मुद्दों पर आधारित है। इसमें वह कोतवाल की भूमिका अदा कर रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में कुछ सीन लिए गए। सूत्रों के अनुसार, वेब सीरीज की कहानी में एक फैक्टरी में गैस के प्रभाव से कुछ बच्चों बीमार हो जाते हैं। इससे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। इसी में से कुछ बच्चों की इलाज के दौरान मौत भी हो जाती है।
अभिनेता नवाजुद्दीन कोतवाल की भूमिका में बच्चों का देखने अस्पताल पहुंचते हैं। इस दृश्य की शूटिंग जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में की गई। इस दौरान किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया गया। इसके पूर्व गुरुवार को दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र में काफी समय से बंद एक फैक्टरी में इस सीरीज के कुछ दृश्य फिल्माए गए थे। सीएमएस डॉ. आरए मिर्जा ने बताया कि शूटिंग की अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन मिला था। इस दौरान कोई समस्या नहीं हुई।