फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस ने जेल भेजने की दी धमकी तो हो गया हार्टफेल

Sat, 26 Sep 2015 11:39 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
बीघापुर (उन्नाव)। थानाक्षेत्र के बदियाखेड़ा गांव में शुक्रवार देर शाम मारपीट के एक मामले की पुलिस जांच करने पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों के बयान ले रही थी तभी आरोपी गश खाकर गिर गया। चौकी इंचार्ज ने वाहन की व्यवस्था कर अस्पताल भेजा जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


शनिवार को ग्रामीण शव लेकर बीघापुर थाना पहुंचे और गेट हंगामा करने लगे। सीओ के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने मृतक की पत्नी की ओर मिली तहरीर पर सूचना दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी ने पति की मौत के लिए चौकी इंचार्ज समेत तीन को जिम्मेदार ठहराया है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने जेल भेजने की धमकी दी थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो लोग भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बदिया खेड़ा गांव निवासी शिवभगवान उर्फ नन्हके (55) के ट्रैक्टर की चपेट में आकर 21 जून को पड़ोस में रहने वाले कमलेश की मां सुदामा की मौत हो गई। घटना में कमलेश की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर को सीज कर दिया था। करीब पंद्रह दिन पहले कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने ट्रैक्टर को रिलीज किया था। इसी घटना के बाद से शिवभगवान और उसके पड़ोसी कमलेश के बीच रंजिश चल रही थी।
विज्ञापन


गुरुवार को कमलेश ने शिवभगवान पर मारपीट, गाली गलौज और ट्रैक्टर चढ़ाकर परिवार के अन्य लोगों को भी मार डालने का आरोप लगाते हुए बीघापुर थाने में तहरीर दी थी। शनिवार शाम को बीघापुर थानाक्षेत्र की निंबई पुलिस चौकी इंचार्ज केपी मिश्रा, दरोगा देवराम गांव पहुंचे और शिकायतकर्ता कमलेश व आरोपी शिवभगवान को आमने सामने कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने डांट फटकार कर जेल भेजने की धमकी दी तो शिवभगवान चक्कर खाकर गिर गया। परिजनों ने पानी के छींटे मारे मगर वह होश में नहीं आया।

 इसके बाद चौकी इंचार्ज ने वाहन की व्यवस्था कर शिवभगवान को बीघापुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया मगर परिजन शव को जबरन घर लेकर चले गए।

शनिवार दोपहर करीब बारह बजे ग्रामीण शिव भगवान का शव ट्रैक्टर-ट्राली में रखकर बीघापुर थाने पहुंच गए। मृतक के परिजन, बीघापुर थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश पांडेय से दोषी पुलिस कर्मियों और झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।

सूचना पर सीओ माजिद अब्सार थाने पहुंचे और थानाध्यक्ष को तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज करने और शव का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिव भगवान की पत्नी रामदुलारी की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें