बांगरमऊ। परिवार के लोग इकलौते बेटे का अंतिम संस्कार करने गए और चोरों ने सूने घर के ताले तोड़कर जेवर-नगदी सहित करीब बीस लाख का माल पार कर दिया। परिजन लौटे तब घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेहटा मुजावर निवासी धीरेंद्र सिंह का बांगरमऊ में ईट-भट्ठा का व्यापार है। कसबा के मोहल्ला नौनिहालगंज में वह मकान बनाकर रहते हैं। शनिवार को ईट-भट्ठा का काम देखने के बाद उनका बेटा राहुल (26) बहनों से राखी बंधवाने के लिए गांव जा रहा था। बस में भीड़ अधिक होने से वह बस के पायदान पर खड़े होकर सफर कर रहा था। संडीला रोड रेलवे क्रासिंग पार करते समय राहुल का सिर क्रासिंग पर लगे लोहे के एंगल से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल राहुल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
परिजन बांगरमऊ स्थित मकान में ताला बंदकर गांव चले गए। देर रात चोरों ने सूने पड़े घर के ताले तोड़कर पांच लाख रुपये और मृतक की मां व दो विवाहित बहनों के करीब पंद्रह लाख के जेवर पार कर दिए। रविवार सुबह आसपास के लोगों ने घर के ताले टूटे देखे तो धीरेंद्र को जानकारी दी।
घर में चोरी का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गृहस्वामी की सूचना पर कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार गौतम मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना की तफ्तीश शुरू की है।