नवाबगंज। चोरी के जेवर सराफा दुकानों में गिरवी रखने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को पुलिस ने रविवार को कुशहरी देवी मंदिर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की बाइक भी बरामद की है।
अजगैन कोतवाली पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट की घटनाओं में शामिल एक युवक कुशहरी देवी मंदिर में मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को हिरासत में ले लिया और उसे कोतवाली ले आई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम टिल्लू उर्फ रोहित बताया। पूछताछ में टिल्लू ने बताया कि वह गिरोह बनाकर चोरियां करता था। 15 दिन पूर्व उसके तीन साथियों को अजगैन व सोहरामऊ पुलिस ने पकड़ा था। गिरोह के सदस्य चोरी के जेवरात को सराफा दुकानदारों के पास गिरवी रख देते थे। पुलिस ने बड़ी मात्रा में जेवर भी बरामद किए थे। मुख्य आरोपी टिल्लू फरार चल रहा था। पुलिस टिल्लू से कई अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।