उन्नाव। बकरी चराने के दौरान मारपीट में घायल बच्चे को झोलाछाप ने इंजेक्शन लगाया और कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के दसगवां गांव निवासी रितिक (7) पुत्र कल्लू रावत बुधवार को गांव के बाहर बकरी चराने गया था। इसी दौरान गांव में रहने वाले एक लड़के से झगड़ा हो गया। कल्लू के मुताबिक लड़के ने उसके बेटे रितिक के पेट में लात मार दी। जिससे उसे तेज पेटदर्द होने लगा। पिता ने बताया कि गांव के ही एक झोलाछाप के पास इलाज के लिए लेकर गया।
झोलाछाप ने रितिक को दो इंजेक्शन लगाए इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत होने के बाद कल्लू ने बांगरमऊ कोतवाली में सूचना दी। पिता का आरोप है कि पिटाई से ही उसके बेटे की मौत हुई है। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इस बात की पुष्टि हो पाएगी कि रितिक की मौत पिटाई से आई चोट के कारण हुई है या फिर गलत इंजेक्शन लगाने से। उन्होंने बताया कि पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।