शहर में गदनखेड़ा बाईपास चौराहा के पास कई साल से आवासीय नक्शे पर बनी इमारत का होटल के रूप में व्यवसायिक उपयोग हो रहा था। जानकारी पर यूएसडीए ने तीन नोटिस भेजे लेकिन ध्यान नहीं दिया। मंगलवार को यूएसडीए ने होटल को सील कर दिया।
शहर में लखनऊ-कानपुर हाईवे के गदनखेड़ा बाईपास चौराहा के पास कई साल से चल रहा विशाल होटल का व्यवसायिक उपयोग अवैध था। खास बात यह है कि जिले में आने वाले पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थित होने तक इसी होटल में ठहरते रहे। जानकारी होने पर यूएसडीए ने व्यवसायिक भवन का नक्शा पास कराने और जुर्माना जमा करने के लिए नोटिस भेजे। एक के बाद एक तीन नोटिस भेजे गए लेकिन होटल संचालक ने अफसरों से जान पहचान होने का हवाला देते हुए नोटिसों पर ध्यान नहीं दिया।
तीन मंजिला आवासीय नक्शे पर पांच मंजिलें बनी थीं। मंगलवार को यूएसडीए के अधिशासी अभियंता आरडी वर्मा, सहायक अभियंता सुशील कुमार व अवर अभियंता सतीश पांडेय कोतवाली पुलिस के साथ होटल पहुंचे। एक्सईएन ने होटल संचालक कमलेश वर्मा से होटल का नक्शा दिखाने को कहा, वह काफी देर तक आनाकानी करते रहे। इसके बाद यूएसडीए टीम ने होटल को सील कर दिया। यूएसडीए के सचिव पीके सिंह ने बताया कि अवैध इमारतों के खिलाफ शहर में अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही और अवैध इमारतों पर कार्रवाई की जाएगी।